enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश आजीविका मिशन ने घर और समाज में महिलाओं का सम्मान बढ़ाया : राज्य मंत्री सारंग

आजीविका मिशन ने घर और समाज में महिलाओं का सम्मान बढ़ाया : राज्य मंत्री सारंग

भोपाल (ईन्यूज एमपी)- पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री विश्वास सारंग ने कहा है कि राज्य आजीविका मिशन से घर और समाज में महिलाओं का सम्मान बढ़ा है, महिलाएँ आर्थिक और सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने मिशन से जुड़ी 25 लाख से अधिक महिलाओं से प्रदेश सरकार के नशा मुक्ति अभियान से जुड़ने की अपील की। सारंग आज यहाँ मध्यप्रदेश राज्य आजीविका मिशन द्वारा आजीविका एवं कौशल विकास दिवस पर अपेक्स बैंक के समन्वय भवन में आयोजित सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। राज्य कौशल एवं रोजगार बोर्ड के अध्यक्ष हेमन्त विजय राव देशमुख ने समारोह की अध्यक्षता की।

राज्य मंत्री सारंग ने कहा है कि भारतीय संस्कृति में महिला को शक्ति की प्रतिमूर्ति माना जाता है। जब महिलाएँ सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक रूप से सशक्त बनेंगी, तब ही परिवार, प्रदेश एवं राष्ट्र सशक्त बनेगा। उन्होंने महिलाओं से आजीविका के 12 सूत्रों के साथ 13वें सूत्र के रूप में 'संस्कार, संस्कृति और सम्यता' को सुदृढ़ बनाने का आव्हान किया।

राज्य कौशल एवं रोजगार बोर्ड के अध्यक्ष हेमन्त विजय राव देशमुख ने कहा कि आजीविका मिशन ने महिलाओं को घर की चार दिवारी से बाहर निकालकर आर्थिक स्वालम्बन प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि कौशल एवं रोजगार बोर्ड भी इस दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में 15 जुलाई को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार मुहैया कराने का लक्ष्य रखा गया है।

कार्यक्रम के प्रारंभ में आजीविका मिशन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एल.एम. बेलवाल ने बताया कि मध्यप्रदेश में स्व-सहायता समूह से 25 लाख महिलाओं को जोड़ा जा चुका है। इनमें से डेढ़ लाख से अधिक महिला सदस्यों की आय एक लाख रूपये से अधिक हो गई। एक लाख 58 हजार समूहों को बैंकों के माध्यम से 2024 करोड़ रूपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है।

Share:

Leave a Comment