enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश आज:राजभवन में मंत्री पद की लेगे शपथ ....

आज:राजभवन में मंत्री पद की लेगे शपथ ....

भोपाल (ईन्यूज़ एमपी)शिवराज कैबिनेट का आज विस्तार हो रहा है। टीम शिवराज में सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक तुलसी सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत शामिल होंगे। राजभवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल आज दोनों को मंत्री पद की शपथ दिलाएंगी।
रविवार को 4 घंटे के लिए भोपाल आएंगी राज्यपाल आनंदी बेन पटेल
मध्य प्रदेश के नए मुख्य न्यायाधीश मोहम्मद रफीक दोहपर 2 बजे लेंगे शपथ

आखिरकार राज्य कैबिनेट के विस्तार आज होने जा रहा है। शिवराज की टीम में दो मंत्री शामिल किए जाएंगे। शपथ ग्रहण कार्यक्रम आज दोपहर 12:30 बजे राजभवन में होगा। कैबिनेट विस्तार में सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक तुलसी सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत मंत्री पद की शपथ लेंगे। वहीं, मध्य प्रदेश के मुख्य न्यायाधीश मोहम्मद रफीक का शपथ ग्रहण समारोह राजभवन में दोपहर 2:00 बजे होगा।

राजभवन के सूत्रों ने बताया कि राज्यपाल आनंदी बेन पटेल मंत्रियों और नए मुख्य न्यायाधीश को शपथ दिलाने के लिए रविवार सुबह 11:45 बजे बजे भोपाल आएंगी। वे शाम 4 बजे भोपाल से बनारस रवाना हो जाएंगी। कोरोना संक्रमण के मद्देनजर शपथ ग्रहण समारोह में अतिथियों की संख्या 150 तक सीमित रखी गई है।

उपचुनाव के परिणाम 10 नंवबर को आए थे। इसके बाद से शिवराज मंत्रिमंडल विस्तार का इंतजार किया जा रहा था। इसे लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और ज्योतिरादित्य सिंधिया की चार दौर की बैठकें हुई। सूत्रों ने बताया कि 1 जनवरी को राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से मंत्रिमंडल विस्तार की अनुमति मिली थी। इसके बाद कार्यक्रम तय किया गया।


मंत्रालय सूत्रों ने बताया कि तुलसी सिलावट को जल संसाधन और गोविंद सिंह राजपूत को परिवहन व राजस्व विभाग मिलना लगभग तय है। शिवराज सरकार सत्ता में आने के बाद सिलावट और राजपूत को यही विभाग सौंपे गए थे। हालांकि बीजेपी अब इन दोनों को अन्य विभाग देना चाहती थी, लेकिन राष्ट्रीय नेतृत्व और सिंधिया के बीच हुई सहमति के बाद दाेनों नेताओं को एक बार फिर उन्हीं विभाग की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।


शिवराज कैबिनेट के 14 सदस्‍यों गोविंद सिंह राजपूत, तुलसीराम सिलावट, इमरती देवी, प्रद्युम्न सिंह तोमर, महेंद्र सिंह सिसोदिया, डॉ. प्रभुराम चौधरी, बिसाहूलाल सिंह, एदल सिंह कंषाना, हरदीप सिंह डंग, राज्यवर्धन सिंह दत्तीगांव, बृजेंद्र सिंह यादव, गिर्राज दंडौतिया, सुरेश धाकड़ और ओपीएस भदौरिया ने चुनाव लड़ा था। इसमें से इमरती देवी, एदल सिंह कंषाना और गिर्राज दंडोतिया चुनाव हार गए थे। इसमें से 2 तुलसी सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत को छह माह का कार्यकाल पूरा होने पर चुनाव के दौरान ही मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। अब दोनों को फिर से कैबिनेट में लिया जा रहा है। इसके बाद भी 4 पद खाली रह जाएंगे। यानी आगे भी कैबिनेट विस्तार होगा।

तुलसी सिलावट: 1982 में बने थे पार्षद, इसके बाद 5 बार विधायक
इंदौर की सावेर सीट से विधायक तुलसी सिलावट वर्ष 1977 से 1979 तक इंदौर के शासकीय आर्ट एवं कॉमर्स कॉलेज तथा 1980-81 में देवी अहिल्याबाई विश्वविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष रहे। 1982 में इंदौर नगर निगम में पार्षद बने। उन्होंने वर्ष 1985 में पहली बार विधानसभा का चुनाव जीता और उन्हें संसदीय सचिव की अहम जिम्मेदारी दी गई। 1995 में नेहरू युवा केंद्र के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बने। इसके बाद 1998-2003 तक ऊर्जा विकास निगम के अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली। इस दौरान उन्हें प्रदेश कांग्रेस कमेटी का उपाध्यक्ष बनाया गया। 2007 में उपचुनाव में कांग्रेस ने उन्हें फिर से टिकिट दिया और वे जीते। इसके बाद 2008 के आम चुनाव में जीत हासिल हुई।

सिलावट 2018 में चौथी बार विधायक बने और कमलनाथ सरकार में उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया। उन्हें स्वास्थ्य विभाग की अहम जिम्मेदारी दी गई। 10 मार्च 2020 को उन्होंने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देकर बीजेपी में शामिल हो गए थे। शिवराज सरकार में उन्हें जल संसाधन और मछुआ कल्याण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके बाद हुए उपचुनाव में जीत हासिल कर वे 5वीं बार विधायक बने।

Share:

Leave a Comment