enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश प्रतिबंधित पॉलीथिन पर चलेगा अभियान, बड़े कारोबारियों पर शिकंजा.......

प्रतिबंधित पॉलीथिन पर चलेगा अभियान, बड़े कारोबारियों पर शिकंजा.......

भोपाल (ईन्यूज़ एमपी ) शहर में प्रतिबंधित पॉलीथिन को लेकर नगर निगम अभियान चलाएगा। स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 को लेकर निगमायुक्त वीएस चौधरी कोलसानी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। दरअसल, प्रतिबंधित पॉलीथिन के खिलाफ कार्रवाई को लेकर नगर निगम की कार्रवाई दिखावा साबित हो रही है। यह कार्रवाई भी रोजोना नहीं की जाती। ऐसे में निगमायुक्त ने रोजाना प्रतिबंधित पॉलीथिन को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने बताया कि दुकानदारों के साथ इनके सप्लायर व थोक विक्रेताओं को टारगेट किया जाएगा। व्यवसायिक व व्यापारिक क्षेत्रों में इन्हें चिन्हित किया जा रहा है। कार्रवाई में पुलिस प्रशासन का भी सहयोग किया जाएगा। बीते दिनों नगर निगम ने जबलपुर से डिस्पोजल से भरा हुआ ट्रक पकड़ा था। तब इस बात का खुलासा हुआ कि शहर में गुपचुप तरीके से प्रतिबंधित पॉलीथिन व अमानक प्लास्टिक का व्यापार-व्यवसाय किया जा रहा है।


नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि संबंधित क्षेत्रों में टीम बनाकर कार्रवाई की जाएगी। इसकी मॉनीटरिंग भी निगमायुक्त खुद करेंगे। इसके अलावा कार्रवाई की रिपोर्ट भी तैयार की जाएगी। इसमें यह देखा जाएगा कि संबंधित क्षेत्र की जिम्मेदारी संभाल रहे सहायक स्वास्थ्य अधिकारी (एएचओ) व स्वास्थ्य अधिकारी (एचओ) द्वारा कितनी कार्रवाई में कितनी पॉलीथिन जब्त की गई हैं। बताया जा रहा है पुराने शहर के मंगलवारा, बुधवारा, इतवारा में अमानक पॉलीथिन का बड़ा कारोबार होता है। इसके अलावा बैरागढ़ में पॉलीथिन कारोबारियों की संख्या कम नहीं है। बीते साल नगर निगम ने प्रतिबंधित पॉलीथिन को लेकर अभियान चलाया था। तब भारी मात्रा में पॉलीथिन जब्ती के साथ जुर्माना भी वसूल किया गया था।

Share:

Leave a Comment