enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दमोह उपचुनाव में कहा - प्रत्येक बूथ पर हमें चुनाव ....

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दमोह उपचुनाव में कहा - प्रत्येक बूथ पर हमें चुनाव ....

दमोह(ईन्यूज एमपी) उपचुनाव सामान्य चुनाव नहीं है, इस चुनाव में एक तरफ देश सेवा करने वाला भाजपा संगठन है, तो दूसरी ओर जनता को भ्रमित और उन्हें झूठ बोलने वाली कांग्रेस है। इस चुनाव में हमें एकजुट होकर झूठ बोलने वाली कांग्रेस का मुंह बंद कर देना है। दमोह की जीत से यह संदेश जायेगा कि झूठ बोलने वालो की कोई जगह नहीं है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने रविवार को दमोह विधानसभा के चुनाव प्रचार में कही।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा रविवार को दमोह में चुनाव प्रचार पर थे। उन्होंने सुबह जिला कार्यालय में चुनाव प्रबंध समिति एवं संचालन समिति की बैठक को संबोधित किया। बैठक में प्रदेश सहसंगठन महामंत्री श्री हितानन्द जी, चुनाव प्रभारी श्री भूपेन्द्र सिंह, चुनाव संचालक श्री राजेन्द्र गुरू, संभागीय संगठन मंत्री श्री शैलेन्द्र बरुआ, श्री केशव सिंह भदौरिया, जिलाध्यक्ष श्री प्रीतम सिंह लोधी उपस्थित थे। बैठक को संबोधित करते हुए श्री भूपेन्द्र सिंह ने चुनावी तैयारियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी एवं आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की।
दोगुनी ऊर्जा के साथ चुनाव में जुटे कार्यकर्ता
चुनाव प्रबंध समिति एवं संचालन समिति की बैठक को संबोधित करते हुए श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि चुनाव की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, हमें अपने कार्य की गति भी तेज करनी है। चुनाव में प्रबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, यह भारतीय जनता पार्टी पूरी ताकत के साथ लड़ रही है। विकास के मुद्दों को प्रचारित और प्रसारित करें। हर बूथ पर चुनाव की दृष्टिगत जो कार्यक्रम तैयार किए हैं। वह प्रभावी हों। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत पर हम उपचुनाव जीतेंगे। बैठक के पश्चात् प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश सह संगठन महामंत्री श्री हितानन्द जी हिंदू युवा वाहिनी के सम्मेलन में शामिल हुए।
एक नरेन्द्र के सपने को दूसरा नरेन्द्र पूरा कर रहा
हिंदू युवा वाहिनी के सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि भारत का परिदृश्य और सोच पहले से बदल चुकी है। स्वामी विवेकानंद ने हिन्दूत्व की पताका को पूरे विश्व में फैलाया था। तब उन्होंने कहा था कि देश में एक ऐसा नेतृत्व आऐगा, जो देश में हिन्दूत्व का नेतृत्व करेगा। श्री शर्मा ने कहा कि भारत का वह समय अब आ चुका है। एक नरेन्द्र ने जो कहा था उसे दूसरा नरेंद्र पूरा कर रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व गुरू बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि एक समय था, जो देश कभी भारत के नेतृत्व को नकारते थे, वही आज लाल कालीन बिछाकर भारत का स्वागत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी भारत के मान-सम्मान के लिए और देश का नाम रोशन करने के लिए काम कर रहे हैं। साथ ही गांव, गरीब को उनका हक दिलवा रहे हैं।
देश को अस्थिर करने वाली ताकतों से हमें लड़ना है
श्री विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि भारत आज विकास के मामले में आगे बढ़ रहा है। तो भारत के बढ़ते वैभव से देश विरोधी ताकते परेशान हैं। दुर्भाग्य से इन देश विरोधी ताकतों का समर्थन कुछ राजनीतिक दल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वामपंथी और नक्सली लोगों का समर्थन करने वाले यह दल युवाओं को भ्रमित करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को ताकत के साथ आगे आने की जरूरत है। देश में ऐसी ताकते जो काम कर रही हैं जो देश में अस्थीरता पैदा करना चाहती हैं, उन्हें करारा जवाब देने का काम युवाओं को करना है। उन्होंने कहा कि दमोह के अंदर भी ऐसे लोग हैं, हमें उनको पहचानना होगा। श्री शर्मा ने कहा कि यह चुनाव एक अवसर है, यह बताने का कि देश के खिलाफ जो काम करेगा, उसे नकार दिया जायेगा।
हम भारत को भव्य बनाने निकले हैं : हितानन्द जी
सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश सह संगठन महामंत्री श्री हितानन्द जी ने कहा कि गांव की ग्राम सभा से लेकर लोकसभा तक भारतीय जनता पार्टी है। राज्य सभा में हमारी ताकत बढ़े इसके लिए एक-एक विधायक महत्वपूर्ण है। इस दृष्टि से विधानसभा का यह उपचुनाव महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हम सब राम के काज में लगे हैं और भारत को भव्य बनाने के लिए निकले हैं।
कांग्रेस ने राम के अस्तित्व को नकारा, जनता चुनाव में उसे नकारेगी : भार्गव
सम्मेलन को संबोधित करते हुए दमोह उपचुनाव के प्रभारी, प्रदेश शासन के मंत्री श्री गोपाल भार्गव ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के संघर्ष में हमारी पीढ़ियां खपीं हैं। आज हमारा सौभाग्य है कि हम राम मंदिर को बनते हुए देखेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने भगवान राम के अस्तित्व को नकार दिया था, इसलिए हर चुनाव में कांग्रेस हार का मुंह देख रही है। दमोह उपचुनाव में जनता कांग्रेस को नकार देगी। उन्होंने कहा कि यह उपचुनाव मध्यप्रदेश की दिशा तय करेगा और देश को यह बताएगा कि दमोह का युवा रामकाज के लिए तैयार है।
केरल और असम में देश विरोधी ताकतों से कांग्रेस का गठबंधन : भूपेन्द्र सिंह
सम्मेलन को संबोधित करते हुए चुनाव प्रभारी एवं मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि जो दल मूल्यों और सिद्धांतों पर राजनीति करता है, उन्हीं का भविष्य होता है। भारतीय जनता पार्टी प्रारंभ से ही राम मंदिर निर्माण, धारा-370 हटाने और समान नागरिकता लागू करने के पक्ष में रही है और इन्हीं मूल्यों को लेकर सिर्फ भाजपा आगे बढ़ी है। उन्होंने कहा कि आज कुछ देशविरोधी ताकतें देश को कमजोर कर रही हैं। यह दुर्भाग्य है कि केरल और असम में देश विरोधी ताकतों का समर्थन करने वालो तथा कांग्रेस का गठबंधन है। उन्होंने कहा कि दमोह चुनाव में हिन्दू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता भाजपा को विजयी बनाने के लिए आगे आयें। सम्मेलन का संचालन श्री गणेश पटेल एवं स्वागत भाषण हिन्दू युवा वाहिनी के अध्यक्ष श्री विक्रांत गुप्ता ने किया। मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री ब्रिजेन्द्र प्रताप सिंह ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए उपचुनाव में विजय के लिए युवाओं से जुट जाने का आव्हान किया।

Share:

Leave a Comment