भोपाल (ईन्यूज़ एमपी): मध्यप्रदेश के हजारों सरकारी कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश सरकार ने शुक्रवार, 16 मई को सरकारी अवकाश पर लगी रोक हटा दी है। करीब एक हफ्ते से जारी इस सख्ती के बाद अब कर्मचारी सामान्य प्रक्रिया से छुट्टी ले सकेंगे। भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव के मद्देनज़र राज्य सरकार ने ऐहतियातन कदम उठाते हुए 13 अहम विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी थीं। आदेश में पुलिस, स्वास्थ्य, ऊर्जा, राजस्व, परिवहन सहित कई विभागों को शामिल किया गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों को मंत्रालय की अनुमति के बिना अवकाश लेने पर रोक लगा दी गई थी। अब प्रदेश शासन द्वारा सामान्य प्रशासन विभाग के माध्यम से नया आदेश जारी कर स्पष्ट कर दिया गया है कि सभी विभागों में अवकाश पूर्ववत स्वीकृत किए जा सकते हैं। इस फैसले के साथ ही कर्मचारियों में राहत की लहर दौड़ गई है। गौरतलब है कि बीते दिनों भारत-पाक तनाव के चलते प्रदेश में हाई अलर्ट जैसी स्थिति बन गई थी, जिसके चलते प्रशासनिक तंत्र को सतर्कता की मुद्रा में रखा गया था। छुट्टियां रद्द होने से सरकारी तंत्र पूरी ताकत से सक्रिय रखा गया था। अब जब स्थिति सामान्य मानी जा रही है, तो सरकार ने इस आदेश को वापस लेने का फैसला किया।