enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश जादू-टोना के शक में पिटाई से महिला की मौत....

जादू-टोना के शक में पिटाई से महिला की मौत....

पन्ना (ईन्यूज एमपी) जादू-टोने के शक में एक महिला की पिटाई के बाद मौत हो गई। उसके पिता की हालत गंभीर है। महिला ने गांव की दुल्हन को मुंह दिखाई में गिफ्ट दिया था। दुल्हन के परिवार वालों ने गिफ्ट में भूत-प्रेत भेजने की बात कह कर महिला और उसके पिता की बांधकर पिटाई की। शनिवार रात को इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। इसके बाद जमकर बवाल हुआ। थाने के बाहर शव रख कर कार्रवाई की मांग करने पहुंचे परिजन और रिश्तेदारों को पुलिस ने लाठीचार्ज करके हटाया। रविवार को एक बार फिर परिजन और रिश्तेदारों ने थाने का घेराव किया। पुलिस पर पथराव कर दिया। इसमें तहसीलदार घायल हो गईं।

मामला पन्ना के अमानगंज थाने के गांव चाका का है। यहां 22 जून की रात लगभग 10 बजे दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई थी। अमानगंज पुलिस ने दोनों पक्षों पर 23 जून को मामला दर्ज कर लिया था। विवाद का कारण विवाह में दिया गया गिफ्ट बताया गया था। गांव में कुछ दिन पूर्व प्रजापति परिवार में लड़के की शादी हुई थी। घसुटिया बाई चौधरी ने दुल्हन को गिफ्ट दिया था। इस पर राम प्रसाद प्रजापति, धरम दास और मस्त राम प्रजापति उसके घर पहुंचकर कहा कि तुमने मेरी बहू के पास गिफ्ट के साथ भूत प्रेत भेज दिए हैं। विरोध करने पर तीनों आरोपियों ने महिला और उसके पिता चिधिया चौधरी को बांधकर मारपीट की।

इधर, मारपीट की जानकारी के बाद महिला के परिवार वाले आरोपियों के घर पहुंचे। फिर दोनों तरफ से मारपीट हुई। इसमें दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आईं। घसुटिया बाई चौधरी (36), उसके पिता को अमानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से कटनी रेफर किया गया था।शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच कर रही थी। शनिवार को घसुटिया बाई की मौत हो गई। मृतका के परिजन थाने के सामने शव को रखकर चक्काजाम कर दिया। परिजन कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। पुलिस ने लाठीचार्ज करके सबको भगाया दिया। रविवार को परिजन और रिश्तेदार फिर थाने पहुंच गए। उन्होंने पथराव कर दिया। अमानगंज तहसीलदार अवंतिका तिवारी को भी चोट आई है। साथ में पुलिस का वाहन भी तोड़ दिया है। पुलिस ने भी लाठीचार्ज किया और पन्ना से भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Share:

Leave a Comment