enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश एमपी में निगम-मंडलों में नियुक्तियां जल्द:सत्ता और संगठन में ओबीसी, एससी, एसटी नेताओं की सक्रियता बढ़ाने पर चर्चा......

एमपी में निगम-मंडलों में नियुक्तियां जल्द:सत्ता और संगठन में ओबीसी, एससी, एसटी नेताओं की सक्रियता बढ़ाने पर चर्चा......

भोपाल (ईन्यूज एमपी)-मध्य प्रदेश में निगम-मंडलों में जल्द ही नियुक्तियाें के संकेत मिले हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को भाजपा दफ्तर पहुंचकर पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश से मुलाकात की। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का दावा है कि करीब आधे घंटे चली बैठक में निगम-मंडलों में नियुक्तियों के साथ 3 विधानसभा और 1 लोकसभा सीट पर होने वाले उप चुनाव को लेकर बात हुई है।
भाजपा कार्यालय के अनुसार राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश गुरुवार रात भोपाल पहुंचे। शुक्रवार सुबह उनसे प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत और सह संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने मुलाकात की। इसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शिवप्रकाश से भाजपा दफ्तर पहुंचकर बातचीत की। इस बारे में जब मुख्यमंत्री से पूछा गया, तो उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। बताया जा रहा है, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी शिवप्रकाश से भेंट की है।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने 21 जुलाई को देर शाम सीएम हाउस पर प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और प्रदेश संगठन मंत्री सुहास भगत के साथ बैठक की थी। सूत्रों में मानें तो बैठक में उपचुनाव के साथ-साथ निगम मंडल में जल्द नियुक्तियां करने पर भी रजामंदी बनी है। माना जा रहा है कि बैठक में ओबीसी और अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के नेताओं की सत्ता और संगठन में सक्रियता बढ़ाने पर चर्चा की गई। साथ ही, सिंधिया समर्थक नेताओं को निगम मंडल और आयोगों में फिट करने पर भी चर्चा हो चुकी है।
सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक 4 नेताओं को निगम-मंडल में जगह दिए जाने पर मुख्यमंत्री ने सहमति दे दी है। माना जा रहा है- इमरती देवी, ऐदल सिंह कंषाना, मुन्नालाल गोयल व गिर्राज दंडोतिया का पुनर्वास हो जाएगा। उन्हें निगम-मंडल में अध्यक्ष बनाया जा सकता है। बता दें कि पिछले भोपाल प्रवास के दौरान सिंधिया की शिवराज और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ हुई बैठक में इन चार नामों को लेकर चर्चा हुई थी। इनके अलावा सिंधिया के समर्थक रणवीर जाटव, पंकज चतुर्वेदी, रक्षा संतराम सिरोलिया और जसपाल सिंह जज्जी को राजनीतिक पद मिल सकता है।

Share:

Leave a Comment