enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश पुलिस के सामने शव के साथ बेसलूकी,जान फूंकने के लिए शव को उल्टा लटकाया....

पुलिस के सामने शव के साथ बेसलूकी,जान फूंकने के लिए शव को उल्टा लटकाया....

गुना (ईन्यूज एमपी)-गुना में युवक की जान बचाने की आस में 15 मिनट तक उसके शव के साथ बेकद्री होती रही। युवक की मौत नदी में डूबने से हुई थी। गांव वालों को उम्मीद थी, शायद उसकी जान बच जाए, इसलिए उसके पैरों को रस्सी से बांध दिया फिर उसे पेड़ से उल्टा लटका कर झुलाया गया। काफी देर तक ऐसा करने के बाद जब कोई हरकत नहीं हुई, तो हार मान ली। हैरानी की बात है कि ये सबकुछ पुलिस के सामने हुआ। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।

घटना कुंभराज के जोगीपुरा गांव की है। कुंभराज के बांसाहेड़ा का रहने वाला भंवरलाल बंजारा (37) सोमवार दोपहर करीब 12 बजे जोगीपुरा गांव की नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह डूबने लगा। नदी में और भी लोग नहा रहे थे। लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन भंवरलाल डूब गया। पुलिस को भी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को निकलवाया। युवक के पत्नी और 3 बच्चे हैं। वह खेती करता था।

किसी ने दिया अजीब आइडिया
मौके पर सानई चौकी प्रभारी तोरन सिंह भी बल के साथ मौजूद थे। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचे भंवरलाल के परिवार वालों को लगा, उसकी सांसें चल रही हैं। इतने में किसी ने आइडिया दिया कि इसे पेड़ से उल्टा लटका दिया जाए। हो सकता है कि शरीर में पानी भर गया हो। उल्टा लटकाने से पानी निकल जाएगा। चौकी प्रभारी तोरन सिंह ने बताया कि उन्होंने गांव वालों को समझाया भी था, लेकिन वह नहीं माने। वह जिद पर अड़ गए।

फिर रस्सी बांधकर उल्टा लटका दिया
गांववालों ने भंवरलाल के पैरों को बांधा और पेड़ से उल्टा लटका दिया। इसके बाद करीब 15 मिनट तक झुलाते रहे। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने इसका वीडियो भी बना लिया। वीडियो में काफी संख्या में लोग मौजूद दिखाई दे रहे हैं। जब शरीर में हरकत नहीं हुई, तो सभी को यकीन हो गया कि उसकी मौत हो गई है। इसके बाद शव को उतारा। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Share:

Leave a Comment