enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश कलेक्टर ने चलाया ऑटो, एसपी बने सवारी, लोगों को दी.....

कलेक्टर ने चलाया ऑटो, एसपी बने सवारी, लोगों को दी.....

शिवपुरी(ईन्यूज एमपी)- कोरोना टीकाकारण के लिए चलाए गए महाअभियान में दो दिन में जिले में रिकॉर्ड एक लाख से अधिक लोगों ने कोरोना का टीका लगवाया। दूसरे दिन भी जिले ने अपने लक्ष्य से अधिक 146 प्रतिशत अधिक लक्ष्य हासिल किया। पहले दिन जिला जहां पूरे प्रदेश में पहले स्थान पर था तो वहीं दूसरे दिन सीधे 22वें स्थान पर पहुंच गया। दूसरे दिन जिले में कुल 29104 डोज लगाए गए जिसमें 15452 फर्स्ट डोज और 13654 सेकंड डोज लगाए गए।


दूसरे दिन अधिक से अधिक सेकंड डोज लगाने का लक्ष्य रखा गया था। इसमें कोवैक्सीन के फर्स्ट डोज और कोविशील्ड के सिर्फ सेकंड डोज लगने थे। लेकिन दोपहर होते-होते कई जगहों पर कोविशील्ड वैक्सीन ही खत्म हो गई। पहले महाअभियान में डोज की शॉर्टेज की समस्या आई थी। हालांकि किसी तरह जिले ने अपना 20 हजार का लक्ष्य जरूर पूरा कर लिया। कोलारस में तो एक व्यक्ति को गलत डोज भी लगा दिया गया।

वैक्सीनेशन के प्रति लोगों में जन जागरूकता के लिए गुरुवार को एक नया तरीका अपनाया कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल ने ऑटो की सवारी की। उन्होंने गली गली में घूम कर वैक्सीनेशन के लिए लोगों को प्रेरित किया। कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने स्वयं ऑटो चलाया और लोगों से वैक्सीन लगवाने की अपील की।


इस दौरान शहर के गणमान्य नागरिक भी इस जागरूकता अभियान में भागीदार बने। यह जागरूकता रैली शहर के कई इलाकों से होकर गुजरी। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक टीम के साथ माधवचौक से कमलागंज, ग्वालियर बायपास, करोंदी सम्वेल, पीजी कॉलेज रोड से फिजीकल, गायत्री मंदिर से पुन: माधवचौक, गुरूद्वारा, राजेश्वरी रोड, अस्पताल चौराहा, कोर्ट रोड, टेकरी गर्ल्स स्कूल, 14 नम्बर कोठी, मिर्ची बाजार से अग्रवाल धर्मशाला पर रैली का समापन किया गया।

Share:

Leave a Comment