enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश दो बच्चियों को कुएं में फेंक बहु ने भी लगाई कुएं के भीतर ही फांसी.....

दो बच्चियों को कुएं में फेंक बहु ने भी लगाई कुएं के भीतर ही फांसी.....

छतरपुर (ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपनी दो मासूम बेटियों को कुएं में फेंक दिया। इसके बाद खुद भी फंदे पर झूल गई। घटना में 10 माह की मासूम और महिला की मौत हो गई, जबकि 4 साल की बच्ची कुएं की ईंट में फंस गई। इससे बच्ची सुरक्षित बच गई। बताया जाता है कि महिला की सास ने उसका मोबाइल छीन लिया था, इससे वह नाराज हो गई।

घटना रविवार दोपहर सटई थाना क्षेत्र के ग्राम पारवा की है। यहां रहने वाली रानी यादव (25) पति कन्हैया यादव का शनिवार को मोबाइल चलाने को लेकर सास से झगड़ा हो गया। उस समय पति घर पर नहीं था। सास ने बहू का मोबाइल छीनकर रख लिया। इससे रानी नाराज हो गई। उसकी दो बेटियां हैं। इनमें एक की उम्र 4 साल और दूसरी की उम्र 10 माह है।

जानवरों को चारा देने गई, फिर बेटियों को फेंक लगाई फांसी
दूसरे दिन यानि रविवार को रानी रोजाना की तरह जानवरों को चारा-पानी देने गई। वह दोनों बेटियों को भी साथ ले गई। लौटते समय दलित बस्ती स्थित कुएं में दोनों बच्चों को पहले कुएं में फेंक दिया। फिर खुद भी कुएं में ही फंदे से लटक गई। 10 माह की बच्ची और रानी की मौत हो गई, जबकि 4 साल की बच्ची कुएं के पाट में फंसने से पानी में नहीं गिरी। इससे उसकी जान बच गई। हालांकि बच्ची को चोटें आई हैं।

चोट लगने के बाद बच्ची की रोने की आवाज सुनकर लोगों ने कुएं में झांककर देखा तो वे सन्न रह गए। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। थाना प्रभारी एसआई प्रदीप सराफ ने बताया, डायल 100 पर घटना की सूचना मिली थी। पुलिस ने गां वालों की मदद से शवों को बाहर निकलवाया। पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।

Share:

Leave a Comment