enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश पूर्व विधायक का निधन, सीएम शिवराज ने दी श्रद्धांजलि......

पूर्व विधायक का निधन, सीएम शिवराज ने दी श्रद्धांजलि......

मंदसौर(ईन्यूज एमपी)- मंदसौर जिले की सीतामऊ विधानसभा से तीन बार(1990, 1993, 2003) विधायक रहे नानालाल पाटीदार का 88 वर्ष की उम्र में उनके गृह ग्राम गुराड़िया प्रताप में निधन हो गया। बुधवार सुबह उनका अंतिम संस्कार किया गया। नानालाल पाटीदार का जन्म 10 नवंबर 1933 को गुराड़िया प्रताप के किसान परिवार में हुआ। बचपन से ही पढ़ाई में अव्वल रहे। सुवासरा में शिक्षा पूरी करने के बाद शिक्षक बनकर कार्य करने लगे। इसी दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़कर काम प्रारंभ किया। 1956 में तहसील कार्यवाह बनाए गए। जनसंघ की स्थापना के साथ ही सक्रिय राजनीति में कदम रखा। पाटीदार ग्रापं गुराडिया प्रताप में पंच रहे। इसके बाद सुवासरा से सरपंच बने। इसी दौरान जनसंघ के टिकट पर गरोठ विस से चुनाव भी लड़े।पर पाटीदार पहली बार 1990 मे सीतामऊ विधानसभा से विधायक चुने गए। इसके बाद सीतामऊ विधानसभा से ही 1993 एवं 2003 में भी विधायक बने। विधायक रहते हुए पाटीदार ने शिक्षा क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य किए। ग्राम लदूना में जवाहर नवोदय विद्यालय उनके प्रयासों से ही संभव हो पाया।

नानालाल दो बार भाजपा के जिलाध्यक्ष भी बने। भारतीय किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष बने। किसान संघ के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे।नानालाल जी पाटीदार का संपूर्ण जीवन पार्टी एवं विचारधारा हेतु संघर्ष में बीता। एक समय जब भाजपा का झंडा उठाने से लोग डरते थे तब पाटीदार ने साहस के साथ संगठन का काम किया एवं कार्यक्षेत्र के खतरे को देखते हुए हमेशा अपने कंधे पर 12 बोर बंदूक रखकर पार्टी के प्रचार पसार में लगे रहे।


आपातकाल में 18 महीने तक जंगल में रहे

जनसंघ और भाजपा में सक्रियता के चलते आपातकाल के समय नानालाल पाटीदार के पुश्तैनी मकान को गैरकानूनी तरीके से गिरवा दिया गया। और देखते ही गोली मारने का आदेश जारी कराया गया। इस कारण पाटीदार लगभग 18 महीने जंगलों में छुपते रहे। उनके परिवार को तरह-तरह की प्रताड़ना से गुजरना पड़ा। परिवार भी गांव छोडकर भटकता रहा। राम मंदिर आंदोलन से जुड़े रहे एवं दो बार कारसेवा मे शामिल रहे। इसमे उनके सुपुत्र पूर्व विधायक राधेश्याम पाटीदार एवं परिवार के सदस्यों ने कारसेवा हेतु योगदान दिया।


नानालाल पाटीदार का जीवन संघर्ष का उदाहरण पेश करता है। जनसंघ व भाजपा के संघर्ष के दिनों में शामिल एक और नेता के जाने से एक युग का अंत हो गया है। क्षैत्र ने एक आदर्श राजनेता को खोया है जिसे अपने अभूतपूर्व योगदान हेतु याद किया जाएगा।

सीएम शिवराज ने दी श्रद्धांजलि

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर नानालाल पाटीदार के निधन पर श्रद्धांजलि दी। सीएम ने लिखा जनसंघ से लेकर भाजपा तक जनसेवा के लिए सतत समर्पित हमारे वरिष्ठ नेता सुवासरा सीतामऊ मंदसौर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक नानालाल पाटीदार जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। पाटीदार जी के चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित करता हूं। पाटीदार जी का जीवन गरीब कल्याण, कमजोर वर्ग के उत्थान का अभूतपूर्व अध्याय है। उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर अपने श्री चरणों में स्थान दें। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।

मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा ने ट्वीट कर लिखा, भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक श्री नानालाल पाटीदार जी के देहावसान का शोक समाचार मिला। उनका निधन भाजपा परिवार के लिए बड़ी क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में विश्रांति दें एवं शोकमय परिजनों को इस दु:खद समय में आत्मबल प्रदान करें।

Share:

Leave a Comment