enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश सीएम शिवराज ने किया पौधारोपण,स्मार्ट सिटी उद्यान में रोपा करंज और गूलर का पौधा.....

सीएम शिवराज ने किया पौधारोपण,स्मार्ट सिटी उद्यान में रोपा करंज और गूलर का पौधा.....

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज स्मार्ट सिटी उद्यान में सकारात्मक सोच संस्था के सदस्यों के साथ करंज और गूलर का पौधा लगाया। अनीता शर्मा, किरण शर्मा, अरुंधति शर्मा और रेखा शर्मा उपस्थित थी। मुख्यमंत्री श्री चौहान को सकारात्मक सोच संस्था की प्रतिनिधि ने संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों से अवगत कराया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि इस प्रकार की सामाजिक संस्थाएँ ही समाज की ताकत हैं। जन-कल्याण, पर्यावरण सुधार और विकास के कार्यों को ऐसी सामाजिक संस्थाओं की सक्रियता से गति मिलती है। मुख्यमंत्री श्री चौहान पौध-रोपण में सामुदायिक सहभागिता को निरंतर प्रोत्साहित कर रहे हैं।

सकारात्मक सोच संस्थान, गोविंदपुरा जोन क्रमांक-5 के कल्पना नगर और सोनागिरि सहित अन्य क्षेत्रों में पौध-रोपण कर उनकी देखभाल में सक्रिय है। साथ ही यह संस्था बर्तन बैंक, थैला बैंक जैसी सामाजिक गतिविधियों तथा पर्यावरण और स्वच्छता के कार्य में भी संलग्न है। संस्था द्वारा भोपाल में पहला बर्तन बैंक स्थापित किया गया है। यह संस्था शादी-विवाह, जन्म-दिन और अन्य आयोजनों पर नि:शुल्क बर्तन उपलब्ध कराती है। संस्था द्वारा प्लास्टिक का उपयोग कम करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं, जिसमें बच्चों में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूकता लाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। संस्था गरीब बच्चों के लिए पौष्टिक आहार और शिक्षा की व्यवस्था भी करती है।

Share:

Leave a Comment