enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश कांग्रेस भाजपा कार्यकर्ताओं में झगड़ा, पुलिस ने भाजी लाठियां.......

कांग्रेस भाजपा कार्यकर्ताओं में झगड़ा, पुलिस ने भाजी लाठियां.......

छिंदवाड़ा (ईन्यूज एमपी)-छिंदवाड़ा में गुरुवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का पुतला दहन करने के दौरान बवाल हो गया। यहां भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई। सैकड़ों कार्यकर्ता सड़क पर आ गए। एक-दूसरे पर पत्थर फेंके। गाड़ियाें में भी तोड़फोड़ की गई। भाजपाइयों ने कांग्रेस अध्यक्ष सहित कुछ कार्यकर्ताओं को घेरकर पीटा। स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए पुलिस ने लाठियां भी चलाई। पानी की बौछार भी की। इसके बाद स्थिति संभल सकी। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है।

जिले के सिंगोड़ी में दोपहर में कांग्रेस ने विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का पुतला दहन का कार्यक्रम रखा था। पुतला दहन के दौरान कांग्रेसियों ने नारेबाजी भी की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया। उन्होंने भी नारेबाजी कर दी। हालांकि विरोध के बावजूद कांग्रेसियों ने सीएम का पुतला फूंक दिया। इसके बाद स्थिति बिगड़ गई। देखते ही देखते दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता आमने-सामने हो गए।

विरोध इस कदर बढ़ा कि बस स्टैंड से लेकर सेंट्रल बैंक तक पुलिस बल के बीच दोनाें पार्टी के कार्यकर्ता एक-दूसरे पर पत्थर फेंकने लगे। इसमें दोनों तरफ के कुछ कार्यकर्ता भी घायल हो गए। कुछ गाड़ियों के कांच भी फूट गए। इसके बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात हो गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने यहां वॉटर कैनन से पानी की बौछार की। स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए कार्यकर्ताओं को लाठियां भी मारीं।

कांग्रेस अध्यक्ष समेत अन्य कार्यकर्ताओं को पीटा

कार्यक्रम में सिंगोड़ी पहुंचे युवक कांग्रेस अध्यक्ष एकलव्य आहके समेत अन्य कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने मारपीट की। इसके लेकर काफी देर तक कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। कांग्रेसियों का कहना था कि मारपीट करने वालों के खिलाफ केस दर्ज किया जाए।

कांग्रेसियों ने किया चौकी का घेराव

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपाइयों पर केस दर्ज करने की मांग की। नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता सिंगोड़ी चौकी पहुंच गए। उन्होंने चौकी का घेराव किया। सूचना पर चौरई विधायक चौधरी सुजीत सिंह और अमरवाड़ा विधायक राजा कमलेश शाह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे भी सिंगोड़ी पहुंचे।


ASP से भी धक्का-मुक्की

झड़प के दौरान एएसपी संजीव उइके और अन्य अधिकारियों के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। इसके बाद पुलिस ने स्थिति संभालने के लिए प्रदर्शनकारियों पर लाठियां भांजी, तब कहीं जाकर मामला शांत हुआ। एएसपी संजीव उईके ने कहा कि सीसीटीवी और वीडियो फुटेज के आधार पर पथराव करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

Share:

Leave a Comment