enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल की परीक्षा आज से शुरू, पहले दिन 12वीं अंग्रेजी का पेपर

मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल की परीक्षा आज से शुरू, पहले दिन 12वीं अंग्रेजी का पेपर

भोपाल (ईन्यूज एमपी)- मध्‍य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिम) की बोर्ड परीक्षा गुरुवार से शुरू हो रही है। पहले दिन 12वीं का अंग्रेजी विषय का पेपर होगा। विद्यार्थियों को सुबह 8:30 बजे परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। सुबह 9:45 बजे के बाद किसी भी छात्र को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इस बार 12वीं में कुल 7,14,932 और 10वीं में 10,66,791 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं।


प्रदेश भर में 3,861 परीक्षा केंद्र बनाए गए

अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार इस परीक्षा के लिए प्रदेश भर में 3,861 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। राजधानी में 104 केंद्रों पर 10वीं में 31,538 व 12वीं में 24,762 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के दौरान कोविड गाइडलाइन का पालन अनिवार्य किया गया है।

कक्षा 10 वीं के पेपर शुक्रवार से आरंभ होंगे

अधिकारियों ने बताया कि कक्षा 10 वीं के पेपर शुक्रवार से आरंभ होंगे।इस बार 10वीं-12वीं परीक्षा के प्रश्न-पत्र का पैटर्न बदल दिया गया है। परीक्षा में 40 फीसद अंक के वस्तुनिष्ट, 40 फीसद अंक के सब्जेक्टिव और 20 फीसद अंक के तार्किक प्रश्न पूछे जाएंगे।

परीक्षा शुरू होने के आधा घंटा पहले प्रश्न-पत्र थानों से निकाले जाएंगे

अधिकारियों से प्राप्‍त जानकारी के अनुसार परीक्षा केंद्राध्यक्ष परीक्षा शुरू होने के आधा घंटा पहले प्रश्न-पत्र थानों से निकालेंगे। प्रश्न-पत्र कलेक्टर के प्रतिनिधि राजस्व निरीक्षकों की उपस्थिति में ही थानों से निकाले जाएंगे और केंद्रों तक पहुंचाए जाएंगे। इसके साथ ही परीक्षा केंद्र के बाहर एक लोहे की पेटी रखी जाएगी। अगर कोई विद्यार्थी किताब, प्रश्न बैंक या कोई अनुचित सामग्री लाता है, तो वह पेटी में स्वेच्छा से डाल सकता है।


20 छात्रों पर एक पर्यवेक्षक नियुक्त किया जाएगा

परीक्षा में 20 छात्रों पर एक पर्यवेक्षक नियुक्त किया जाएगा। एक कक्ष में 20 से अधिक व 40 से कम छात्रों पर दो पर्यवेक्षक नियुक्त रहेंगे। विद्यार्थियों की संख्या 40 से अधिक होने पर 15 परीक्षार्थियों पर एक पर्यवेक्षक रहेगा।

Share:

Leave a Comment