उज्जैन(ईन्यूज़ एमपी)- मुख्य सचिव के निर्देश पर देर रात उनकी टीम द्वारा कोठी पैलेस स्थित विभिन्न राजस्व न्यायालयों का निरीक्षण किया गया, निरीक्षण के दौरान अधिकारियों में हड़कम्प मच गया। इस निरीक्षण में प्रमुख सचिव राजस्व अरूण पाण्डेय ने एसडीएम क्षितिज शर्मा की कोर्ट का निरीक्षण किया एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इस अवसर पर कलेक्टर संकेत भोंडवे भी मौजूद थे। प्रमुख सचिव राजस्व अरूण पाण्डेय ने एसडीएम कोर्ट में दो साल से पुराने प्रकरणों को निकालकर देखा, अपील पंजी का निरीक्षण किया एवं जानकारी प्राप्त की कि रिकार्ड रूम में कितने प्रकरण भेजे जा चुके हैं। उन्होंने निर्देश दिये हैं कि 1967 से 1968 तक की अर्थदण्ड की वसूली की शेष राशि को शीघ्र वसूला जाये। साथ ही उन्होंने धारा 147 के चार दाण्डिक प्रकरणों शीघ्र निराकरण करने को कहा है। इसी तरह प्रमुख सचिव लोक सेवा प्रबंधन हरिरंजन राव द्वारा तहसीलदार संजय शर्मा की कोर्ट का निरीक्षण किया गया एवं विभिन्न पुराने प्रकरणों को निकालकर उनके बारे में जानकारी प्राप्त की गई। इस अवसर पर कलेक्टर संकेत भोंडवे, रतलाम कलेक्टर तन्वी सुन्द्रीयाल, देवास कलेक्टर आशीष सिंह एवं अपर कलेक्टर बसन्त कुर्रे मौजूद थे। नायब तहसीलदार आलोक चौरे का निरीक्षण प्रमुख राजस्व आयुक्त रजनीश श्रीवास्तव के द्वारा किया गया। निरीक्षण दल द्वारा रिपोर्ट मुख्य सचिव बीपी सिंह को प्रस्तुत की जायेगी।