enewsmp.com
Home देश-दुनिया एक साथ तीन हजार जोड़ो का विवाह,एक पंडाल में होंगे सारे धर्मों के संस्कार.....

एक साथ तीन हजार जोड़ो का विवाह,एक पंडाल में होंगे सारे धर्मों के संस्कार.....

गाजियाबाद में आज तीन हजार जोड़े एक-दूजे के हो जाएंगे। एक मंडप के नीचे हिंदू, मुस्लिम, सिख और बौद्ध धर्म के युवक-युवतियों की शादी होगी। एक तरफ पंडित मंत्रोच्चार करेंगे तो दूसरी तरफ मौलवी निकाह पढ़वाएंगे। इस कार्यक्रम में तीन जिलों के करीब 30 हजार लोग जुटेंगे।

सीएम योगी दोपहर करीब 12 बजे वर्चुअल जुड़कर सभी जोड़ों को आशीर्वाद देंगे। इनके नाश्ते से लेकर खाने तक के लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रबंध किए गए हैं। नाश्ते में सभी को चाय और ब्रेड पकौड़ा मिलेगा तो खाने में पनीर की सब्जी, पूड़ी, छोले-चावल जैसे व्यंजनों का इंतजाम किया गया है।


श्रम विभाग की तरफ से कार्यक्रम का आयोजन कमला नेहरू पार्क में किया गया है। सुबह 9 बजे से दोपहर करीब 2 बजे तक कार्यक्रम चलेगा। श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों की बेटियों की शादी की जिम्मेदारी यूपी सरकार ने उठाया था। उसी के तहत इसका आयोजन हो रहा है।

इस कार्यक्रम में गाजियाबाद की 1710, बुलंदशहर की 794 और हापुड़ की 538 गरीब बेटियों की शादी होगी। इन बेटियों की पोशाक के लिए 10-10 हजार रुपए एडवांस में दिए जा चुके हैं। जबकि 65-65 हजार रुपए विवाह के तुरंत बाद खातों में भेज दिए जाएंगे।

पहले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आना था। लेकिन अब वे दोपहर करीब 12 बजे वर्चुअल जुड़कर सभी जोड़ों को आशीर्वाद देंगे। कार्यक्रम में यूपी के श्रम मंत्री अनिल राजभर सहित केंद्रीय राज्यमंत्री एवं गाजियाबाद सांसद जनरल वीके सिंह और जिले के सभी जनप्रतिनिधि शामिल रहेंगे। उप श्रमायुक्त रवि श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यक्रम स्थल को भव्य तरीके से सजाया गया है। सेल्फी पॉइंट बनाया है, जहां नए जोड़े सेल्फी लेकर इन यादों को संजो सकेंगे।

पंडित, मौलवी, ग्रंथी और भंते बुलाए

सामूहिक कार्यक्रम में 1863 हिंदू, 1172 मुस्लिम, 3 सिख और 4 बौद्ध बेटियों की शादी होगी। इसके लिए 50 पंडित, एक मौलवी, एक ग्रंथी और एक भंते को आमंत्रित किया गया है। जिला प्रशासन ने डेढ़ सौ से ज्यादा अधिकारियों की ड्यूटी कार्यक्रम स्थल पर लगाई है।

वहीं, सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहेगा। कार्यक्रम में करीब 30 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसलिए नेहरू पार्क के आस-पास ट्रैफिक का दबाव रहेगा। इसको देखते हुए ट्रैफिक पुलिस की अतिरिक्त ड्यूटियां लगाई गई हैं।

Share:

Leave a Comment