enewsmp.com
Home देश-दुनिया गुजरात में नरेंद्र से ज्यादा सीटें भूपेंद्र ले आए:भाजपा रिकॉर्डतोड़ 153 सीटें जीतने की ओर

गुजरात में नरेंद्र से ज्यादा सीटें भूपेंद्र ले आए:भाजपा रिकॉर्डतोड़ 153 सीटें जीतने की ओर

अहमदाबाद (ईन्यूज एमपी)-गुजरात में भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करती दिखाई दे रही है। काउंटिंग के रुझानों के मुताबिक भाजपा 182 में से 48 सीटें जीत चुकी है और 105 पर आगे है। रुझान नतीजों में तब्दील होते हैं, तो भाजपा 1985 में कांग्रेस की 149 सीटें जीतने का रिकॉर्ड तोड़ देगी। सूत्रों के मुताबिक भूपेंद्र पटेल 11 दिसंबर को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में CM पद की शपथ लेंगे।


कांग्रेस ने 1985 के चुनाव में माधव सिंह सोलंकी की अगुआई में 149 सीटें जीती थीं। भाजपा 150 का आंकड़ा पार करने पर कांग्रेस की सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड तोड़ देगी। मोदी के गुजरात का CM रहते भाजपा ने 2002 के चुनाव में 127 सीटें जीती थीं। दिलचस्प बात यह है कि चुनाव प्रचार के दौरान PM मोदी ने कहा था- नरेंद्र का रिकॉर्ड भूपेंद्र तोड़ेंगे। नतीजों में यही नजर आ रहा है।

भाजपा 150 के पार, कांग्रेस 20 के अंदर सिमटी
रुझानों में गुजरात की 182 में से भाजपा ने 153 सीटों पर एकतरफा बढ़त ली है। कांग्रेस 15 सीटों पर आगे है और 4 सीटें जीत चुकी है। इधर, आम आदमी पार्टी 5 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है और दो सीटें जीत चुकी है। निर्दलीय और अन्य कैंडिडेट्स के खाते में 4 सीटें जाती दिखाई दे रही हैं।

गुजरात में गुरुवार सुबह 8 बजे से पहले आधे घंटे में पोस्टल बैलेट्स की गिनती के बाद EVM से काउंटिंग शुरू हुई थी। यहां बड़ी सीटों में जामनगर से भाजपा की रीवाबा, अहमदाबाद से CM भूपेंद्र पटेल, वीरमगाम से भाजपा के हार्दिक पटेल आगे चल रहे हैं। भाजपा की लीड को देखते हुए पार्टी समर्थकों ने जश्न शुरू कर दिया है।

AAP के तीनों बड़े नेता चुनाव हार गए हैं। इनमें मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार ईशुदान गढ़वी, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया और पाटीदार नेता अल्पेश कथीरिया शामिल हैं। हालांकि, पार्टी दो सीटें जीत चुकी है और 5 पर उसकी बढ़त बनी हुई है।

असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने पहली बार गुजरात विधानसभा चुनाव में हिस्सा लिया था। AIMIM ने कुल 13 में से 2 हिंदू कैंडिडेट भी मैदान में उतारे थे। पार्टी के सभी कैंडिडेट चुनाव हार गए हैं।


अपडेट्स...

गुजरात की वीआईपी सीटों में से एक वडगाम से कांग्रेस के युवा दलित नेता जिग्नेश मेवाणी हार गए हैं। उन्हें बीजेपी के मणिभाई वाघेला ने हराया।
वढवाण से भाजपा के जगदीश मकवाणा 52 हजार वोट से आगे हैं, लीड देखकर उनकी जीत पक्की मानी जा रही है।
लीमडी मे भाजपा के कीरीट सिंह राणा 20 हजार वोट से आगे हैं, उनकी जीत भी पक्की मानी जा रही है।
भावनगर (पश्चिम) से बीजेपी के शिक्षामंत्री जीतू वाघाणी 2000 वोटों से आगे चल रहे हैं। पहले राउंड में वे कांग्रेस कैंडिडेट से पिछड़ गए थे।
वीरमगाम में हार्दिक पटेल ने AAP के अमर सिंह ठाकोर पर बढ़त बना ली है। पहले राउंड में वे पीछे चल रहे थे।
मोरबी में भाजपा के कांतिलाल अमृतिया आगे चल रहे हैं। वे ब्रिज हादसे के समय लोगों को बचाने के लिए मच्छू नदी में कूदे थे। जिले की तीनों सीटों मोरबी, टंकारा और वांकानेर पर भाजपा आगे है।
मजुरा से गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संधवी आगे हैं। यहां फिलहाल दूसरे नंबर पर कांग्रेस कैंडिडेट है।
कुतियाणा में लेडी डॉन संतोकबेन जडेजा के बेटे कांधल जडेजा आगे चल रहे हैं। वे निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।

Share:

Leave a Comment