भोपाल (ईन्यूज़ एमपी): मध्यप्रदेश सरकार ने रविवार देर शाम बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 9 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस तबादले की सूची में सबसे बड़ा बदलाव उज्जैन, अशोकनगर, हरदा और विदिशा जैसे प्रमुख जिलों के कलेक्टरों के रूप में सामने आया है। इस सूची में कुछ अहम नाम और घटनाक्रम शामिल हैं, जिनका सीधा असर राजनीतिक और प्रशासनिक माहौल पर देखा जा रहा है। इन जिलों में बदले गए कलेक्टर: उज्जैन: नीरज कुमार सिंह की जगह अब रोशन कुमार सिंह को कलेक्टर बनाया गया है। नीरज सिंह को संचालक, लोक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग में भेजा गया है। अशोकनगर: सुभाष कुमार द्विवेदी की जगह आदित्य सिंह, जो पहले हरदा के कलेक्टर थे, को पदस्थ किया गया है। हरदा: सिद्धार्थ जैन, जो भोपाल में अपर कलेक्टर थे, अब हरदा के नए कलेक्टर बनाए गए हैं। विदिशा: संचालक जनसंपर्क अंशुल गुप्ता को जिले की कमान सौंपी गई है। अन्य तबादले और नई जिम्मेदारियां: बसंत कुर्रे को संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से हटाकर अपर सचिव, श्रम विभाग में पदस्थ किया गया। ज्योति शर्मा, जो इंदौर में अपर कलेक्टर थीं, अब सीईओ, जिला पंचायत देवास होंगी। हिमांशु प्रजापति को कार्यकारी संचालक, मप्र औद्योगिक विकास निगम इंदौर बनाया गया है। उज्जैन कलेक्टर के तबादले पर उठे सवाल सूत्रों की मानें तो उज्जैन कलेक्टर नीरज कुमार सिंह का हाल ही में एक पारिवारिक विवाद सामने आया था, जिसकी चर्चा मुख्यमंत्री निवास तक पहुंच गई थी। हालांकि कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई, लेकिन माना जा रहा है कि इस विवाद के चलते उन्हें उज्जैन से हटाया गया है।