enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश अहिल्याबाई की 300वीं जयंती पर बोले मोदी: नारी शक्ति राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा, सीधी की पिंकी ने किया PM का स्वागत...

अहिल्याबाई की 300वीं जयंती पर बोले मोदी: नारी शक्ति राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा, सीधी की पिंकी ने किया PM का स्वागत...

भोपाल (ईन्यूज़ एमपी): प्रदेश की राजधानी भोपाल पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर राष्ट्र निर्माण में नारी शक्ति के योगदान की प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई का कथन – "जो कुछ भी हमें मिला है वह जनता द्वारा दिया ऋण है, जिसे चुकाना है" – हमारी सरकार की कार्यशैली का मार्गदर्शक है।

उन्होंने बताया कि सरकार “नागरिक देवो भवः” मंत्र को अपनाते हुए वूमेन लेड डेवलपमेंट को विकास की धुरी बना रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं के केंद्र में माताएं-बहनें हैं। चार करोड़ से अधिक घर बनाए गए हैं, जिनमें से अधिकांश महिलाओं के नाम पर हैं। जल, बिजली और रसोई गैस जैसी सुविधाएं भी महिलाओं की सुविधा और सम्मान के लिए दी गई हैं।

मोदी भोपाल के जंबूरी मैदान में महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अहिल्याबाई की प्रेरणादायक यात्रा और उनके सुशासन को नमन किया। साथ ही, उन्होंने महिलाओं से संवाद किया और उन्हें समर्पित योजनाओं की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि भारत में अब बेटियां डॉक्टर, इंजीनियर, साइंटिस्ट, लड़ाकू विमान पायलट और युद्धपोत संचालक तक बन रही हैं। स्टार्टअप में 45% नेतृत्व महिलाओं के पास है। ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह नारी शक्ति के शौर्य का प्रतीक बन गया है।

इस अवसर पर अहिल्याबाई पर आधारित डाक टिकट और 300 रुपये का स्मृति सिक्का भी जारी किया गया। दतिया और सतना एयरपोर्ट का लोकार्पण और इंदौर मेट्रो का शुभारंभ भी किया गया।

कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री मोहन यादव,
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री, राजेंद्र शुक्ला, जगदीश देवड़ा , सांसद खजुराहो वी.डी. शर्मा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, सूक्ष्म एवं लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य कुमार कश्यप, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती निर्मला भूरिया, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर, संस्कृति पर्यटन धार्मिक न्यास मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी, नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, पंचायत और ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्रीमती राधा सिंह, भोपाल सांसद आलोक शर्मा और भोपाल महापौर श्रीमती मालती राय उपस्थित थी। कार्यक्रम में इंदौर से केन्द्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्यमंत्री तोखन साहू तथा प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास, संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, दतिया से केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू तथा प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एंदल सिंह कंषाना, सतना से केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं सहकारिता राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल तथा प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री दिलीप जायसवाल वर्चुअली शामिल हुए।

प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं से संवाद किया और कुछ महिला प्रतिनिधियों से व्यक्तिगत भेंट भी की। उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा किए गए कार्यों की प्रशंसा की। कार्यक्रम में नारी शक्ति को आगे लाने में योगदान देने वाली प्रदेश की चार महिलाओं – कल्पना अहिरवार (भोपाल),पिंकी विश्वकर्मा (सीधी),नीता चौरसिया (दतिया),शशि लोधी (सागर) ने प्रधानमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि अहिल्याबाई ने शासन और परिवार के धन में अंतर समझाया और उनके सिद्धांत आज भी शासन तंत्र की प्रेरणा हैं। उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था और सैन्य उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।

Share:

Leave a Comment