सीधी (ईन्यूज़ एमपी): 11 जुलाई से शुरू हुआ वृक्ष मित्र अभियान शुक्रवार को अपने 29वें दिवस पर सैकड़ों पौधों के रोपण के साथ संपन्न हुआ। यह अभियान मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा चयनित आदर्श ग्राम पंचायत रामगढ़ नंबर-2 में अमित कुमार गौतम 'स्वतंत्र' के संयोजन और ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सहयोग से चलाया गया। अभियान के दौरान 2500 से अधिक पौधे विभिन्न सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीणों की निजी भूमि पर लगाए गए। आखिरी दिन भी पूरे उत्साह के साथ ग्रामीणों और समिति पदाधिकारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अभियान संयोजक अमित कुमार गौतम 'स्वतंत्र' ने बताया कि आगे "हर घर नीम – आंगन तुलसी" अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत प्रत्येक परिवार को नीम और तुलसी के पौधे भेंट किए जाएंगे, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था भी मजबूत हो। समापन अवसर पर सरपंच शिवटहल कोल, पंच श्यामकली विश्वकर्मा, सतीश विश्वकर्मा, सोनू विश्वकर्मा, गीता विश्वकर्मा, रोशन लाल विश्वकर्मा, ललुआ कोल, शुभम सिंह, हर्ष पाण्डेय 'सरस', शेरा विश्वकर्मा, लक्ष्मण तिवारी, गीता तिवारी, रामसुमिरन विश्वकर्मा, भेलकिहा रावत सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी और समिति पदाधिकारी मौजूद रहे।