भोपाल में कमिश्नर-कलेक्टर कॉन्फ्रेंस का दूसरा दिन आज: कानून व्यवस्था और ग्रामीण जन-जीवन पर मंथन भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित दो दिवसीय *कमिश्नर-कलेक्टर कॉन्फ्रेंस* का आज दूसरा दिन है। आज के दिन कानून व्यवस्था, शिक्षा और ग्रामीण जन-जीवन से जुड़े अहम विषयों पर गहन चर्चा होगी। कॉन्फ्रेंस में राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए अधिकारियों को उनके क्षेत्रीय कार्यों की दिशा तय करने के लिए मार्गदर्शन दिया जाएगा। बुधवार को आयोजित होने वाले तीन अलग-अलग सत्रों में प्रत्येक सेक्टर के लिए 75 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। सुबह 9:30 बजे से होगी शुरुआत कांफ्रेंस का शुभारंभ सुबह 9:30 बजे मुख्य सचिव अनुराग जैन के निर्देशन में होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई तथा जनसंपर्क आयुक्त दीपक सक्सेना मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं और जनसंपर्क विभाग की अपेक्षाओं पर चर्चा करेंगे। पहला सत्र: शिक्षा पर विमर्श दिन का पहला सत्र *शिक्षा* विषय पर केंद्रित होगा। इसमें प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा, प्रमुख सचिव जनजातीय कार्य और आयुक्त राज्य शिक्षा विभाग प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता सुधार, नई पहल और डिजिटल शिक्षण पद्धतियों पर चर्चा करेंगे। दूसरा सत्र: ग्रामीण विकास एवं जनजातीय कार्यों पर केंद्रित दूसरे सत्र में *ग्रामीण विकास और जनजातीय कल्याण* से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इस दौरान अपर मुख्य सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास, प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और प्रमुख सचिव जनजातीय कार्य विभाग प्रदेश के ग्रामीण इलाकों के विकास कार्यों की प्रगति और चुनौतियों पर चर्चा करेंगे। तीसरा सत्र: कानून व्यवस्था पर फोकस दिन के तीसरे और अंतिम सत्र में मध्यप्रदेश की कानून व्यवस्था से जुड़े बिंदुओं पर मंथन किया जाएगा। इस सत्र में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सुरक्षा, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और साइबर क्राइम पर समीक्षा प्रस्तुत की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा दिनभर चलने वाले इन सत्रों में अधिकारियों से संवाद किया जाएगा तथा शासन की प्राथमिक नीतियों के क्रियान्वयन को लेकर दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। कॉन्फ्रेंस का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना और आम नागरिकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना है।