सीधी (ईन्यूज़ एमपी): देश की आज़ादी के 79वें स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व आज पूरे सीधी जिले में हर्षोल्लास और गौरव के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने तिरंगा फहराया, राष्ट्रगान के बीच परेड का निरीक्षण किया और समृद्धि के प्रतीक रंगीन गुब्बारे आसमान में छोड़ते हुए परेड की सलामी ली। इस दौरान कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी और पुलिस अधीक्षक डॉ. रविन्द्र वर्मा उनके साथ रहे। परेड के कमांडर उप पुलिस अधीक्षक सुजीत कुमार कड़वे और उप कमांडर होमगार्ड प्लाटून कमांडर मयंक तिवारी रहे। परेड में उपनिरीक्षक नरेन्द्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व में 9वीं वाहिनी विसबल ए कंपनी सीधी, तरुण बेड़िया के नेतृत्व में जिला पुलिस बल, वर्षा यादव के नेतृत्व में महिला जिला पुलिस बल, सहायक उपनिरीक्षक जयगोपाल साकेत के नेतृत्व में होमगार्ड, प्रभात प्रजापति के नेतृत्व में सीनियर एनसीसी संजय गांधी स्मृति महाविद्यालय, अमितेन्द्र अग्निहोत्री के नेतृत्व में एनसीसी उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक 1, उधव प्रताप सिंह के नेतृत्व में जूनियर एनसीसी गणेश सीनियर सेकेंड्री स्कूल पड़रा, वेद सिंह चौहान के नेतृत्व में सरस्वती उमावि मड़रिया, दिया अवधिया के नेतृत्व में सांदीपनि कन्या उ.मा.वि., पूजा कोरी के नेतृत्व में पीएमश्री कन्या हा. स्कूल, शुभम सिंह चौहान के नेतृत्व में एकलव्य पब्लिक स्कूल हड़बड़ो, अभिमन्यु प्रजापति के नेतृत्व में उ.मा.वि. क्रमांक 2, प्रियांशु कोरी के नेतृत्व में महारानी लक्ष्मीबाई हाई स्कूल, अर्जुन सिंह चौहान के नेतृत्व में गुरुकुल पब्लिक स्कूल मड़रिया, मधु कोल के नेतृत्व में महिला बाल विकास शौर्य दल और पुलिस बल के बैण्ड दल ने आकर्षक प्रदर्शन किया। प्रभारी मंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, वीर शहीदों और लोकतंत्र के प्रहरियों के परिजनों को शाल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। पहली बार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के उद्बोधन का सीधा प्रसारण कार्यक्रम स्थल पर किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने बड़े उत्साह से सुना। इसके बाद प्रभारी मंत्री ने जिले की उपलब्धियां गिनाते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गुरुकुल विद्यालय मड़रिया, शासकीय उत्कृष्ट उ.मा.वि. क्रमांक 1, सांदीपनि विद्यालय और एकलव्य पब्लिक स्कूल ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। गांधी विद्यालय के बैण्ड दल ने भी सबका मन मोह लिया। पुरस्कार वितरण में दमदार प्रदर्शन: सर्वोत्तम परेड (सीनियर) का पुरस्कार महिला जिला पुलिस बल को मिला, दूसरा पुरस्कार सीनियर एनसीसी संजय गांधी स्मृति महाविद्यालय और तीसरा पुरस्कार होमगार्ड जिला बल को दिया गया। जूनियर श्रेणी में सर्वोत्तम परेड का पुरस्कार जूनियर एनसीसी शासकीय उत्कृष्ट उ.मा.वि. को, दूसरा पुरस्कार जूनियर एनसीसी गणेश सी.से. स्कूल पड़रा को और तीसरा पुरस्कार सरस्वती उमावि मड़रिया को मिला। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रथम स्थान एकलव्य पब्लिक स्कूल, द्वितीय स्थान शासकीय उत्कृष्ट उ.मा.वि. क्रमांक 1 और तृतीय स्थान गुरुकुल विद्यालय मड़रिया को मिला। गरिमामयी उपस्थिति: समारोह में विधायक सीधी रीती पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह परिहार, वरिष्ठ समाजसेवी देव कुमार सिंह चौहान, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अंशुमन राज, सहायक संचालक संजय टाइगर रिजर्व राजेश कन्ना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द श्रीवास्तव, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, वरिष्ठ पत्रकार, सामाजिक संगठन और आमजन उपस्थित रहे। उद्घोषणा का संचालन वीरेन्द्र सिंह बघेल और डॉ. संजीव कुमार त्रिपाठी ने किया।